Breaking News

गोहर में पीलिया बना जानलेवा, बीटेक युवक की मौत से हड़कंप

पीलिया से पहली मौत, गोहर उपमंडल में फैला गोहर में पीलिया का विस्फोट, पीजीआई में युवक ने तोड़ा दम


सतीश ठाकुर

मंडी। गोहर उपमंडल में पीलिया रोग का प्रकोप लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। बासा पंचायत के दाड़ी क्षेत्र के गांव लेओटी निवासी 28 वर्षीय युवक उदित शर्मा की उपचार के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीलिया से हुई इस पहली मौत के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उदित शर्मा बीटेक पास था और घर पर रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पढ़ाई में मेहनती और शांत स्वभाव के उदित के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जा रहा है कि गांव लेओटी निवासी दीपक शर्मा की 29 वर्षीय बेटी जिज्ञासा सबसे पहले पीलिया की चपेट में आई थी। करीब दो सप्ताह पहले उसका उपचार गोहर सिविल अस्पताल में हुआ और वह स्वस्थ हो गई थी। लेकिन करीब पांच दिन पहले उसके भाई उदित शर्मा को भी पीलिया हो गया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे गोहर सिविल अस्पताल लाए, जहां से उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया।
एम्स बिलासपुर में भी हालत गंभीर बनी रहने पर चिकित्सकों ने युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जनवरी 2026 से अब तक गोहर सिविल अस्पताल में पीलिया के दर्जनों मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रोजाना 4 से 5 नए मरीज पीलिया के लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें कुछ मरीज उपचाराधीन हैं, जबकि कई मरीजों को हालत में सुधार के बाद छुट्टी दी गई है।
चैलचौक, गणई, कुठेहड़, नौण, चच्योट, गोहर, बस्सी और स्यांज क्षेत्रों में पीलिया का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इन इलाकों से बड़ी संख्या में लोग जांच और इलाज के लिए गोहर सिविल अस्पताल पहुंच रहे हैं।
पीलिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करवाने की अपील की है। मृतक के पिता दीपक शर्मा ने उनके बेटे की पीलिया से मौत होने की पुष्टि की है।



256 0
Published On : 30 January 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs