सतीश ठाकुर
मंडी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने केंद्रीय बजट को लेकर मंडी में मीडिया संवाद किया और बुद्धिजीवियों के साथ एक संगोष्ठी में भी भाग लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सिर्फ समोसे गिनने में व्यस्त हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी देश के विकास कार्यों में जुटे हुए हैं। सुक्खू साहब के सरकारी ख़ज़ाने को बड़े मोटे मोटे चूहे कुतर रहे हैं जिनको अनाज खुद मुख्यमंत्री खिला रहे हैं। केंद्र उदारता के साथ वित्तीय मदद कर रहा है लेकिन कांग्रेस सरकार एक शब्द तक आभार का नहीं बोलती है। आपदा में इन्होंने केंद्र से मिला पैसा ही बांटा और अपनी एक फूटी कौड़ी तक खर्च नहीं की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बजट 2025-26 को गेम चेंजर बनाकर विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का रोडमैप तैयार किया है। यह बजट गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के उत्थान का बजट है, जो देश को तेजी से आगे ले जाने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सात करोड़ घर बनाने का लक्ष्य है, जिसमें तीन करोड़ बन चुके हैं और चार करोड़ पर काम जारी है। आयुष्मान भारत योजना में बुजुर्गों को 5 लाख रुपये का टॉप-अप कवर देने की घोषणा की गई है, जिससे 55 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। हमें खुशी है कि पूर्व में हमारी भाजपा सरकार ने जयराम ठाकुर जी के नेतृत्व में इस योजना में देशभर में सबसे अच्छा संचालन किया था। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए नई शिक्षा नीति, खेलो इंडिया, 50,000 अटल टिंकरिंग लैब और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं। आईआईटी में 6500 नई सीटें बढ़ाई गई हैं, वहीं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को बढ़ावा देने के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। किसानों के लिए भी सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा को तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दिया गया है। प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के तहत 10 करोड़ किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी। तरुण चुग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भी इस बजट से विशेष लाभ मिलेगा। भाजपा सरकार में 2014 से 2024 तक राज्य को 54,000 करोड़ रुपये का टैक्स अनुदान मिला है, जबकि कांग्रेस सरकार (2004-2014) के समय केवल 12,639 करोड़ रुपये मिले थे। इस तरह मोदी सरकार ने हिमाचल को 300 गुना अधिक ग्रांट दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार मंदिरों का विकास कर रही है, जबकि कांग्रेस मंदिरों के पैसे पर नजर गड़ाए बैठी है। उन्होंने दावा किया कि 2047 तक भारत पूरी तरह से विकसित राष्ट्र बन जाएगा। उन्होंने भाजपा के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि इस बजट को लेकर गांव गांव चर्चा करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को बजट के लाभ से अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी अच्छा काम तक तक सफल नहीं होता है जब तक उसकी चर्चा न हो।
उन्होंने कहा कि एक तरफ़ ऐसी सरकार है जिसे समोसे कहाँ से आए उसके लिए जाँच बिठानी पड़ रही है, दूसरी तरफ़ तरफ़ मोदी जी का शासन है जो इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए देव भूमि को ख़ज़ाना खोल कर भेज रहा है। एक तरफ़ वो सरकार है जो मंदिरों के ख़ज़ाने को तिरछी नज़र से देख रही है, दूसरी तरफ़ मंदिर का रास्ता कैसे पूरे विश्व के लिए खुले उसके लिए काम कर रहे हैं। एक तरफ़ ऐसी सरकार जो कर्मचारियों की जेब काट रही है और उनसे किए वादों को पूरा करने की तरफ़ एक भी क़दम नहीं बढ़ाया। मैंने कोई दिन ऐसा नहीं देखा जिस दिन अख़बार में ये छपा हो कि सरकार के पास पैसा है, रोज़ छपता है सरकार दिवालिया है। रोज़ सरकार के अफसर कह रहे हैं हम पेंशन नहीं दे पा रहे हैं, हम बिल नहीं दे पा रहे हैं। इस हरे भरे प्रदेश को इस व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली की सरकार ने सूखा कर दिया है। जिस डाल पर सुक्खू जी बैठे हैं उसी को सूखा दिया है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक पूर्व मंत्री गोविद सिंह ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, विधायक इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर, दीप कुमार, पूर्ण चंद, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, जिलाध्यक्ष निहाल चंद भी उपस्थित थे।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2025 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs