हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व मंत्री और सांसद किशन कपूर का निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। किशन कपूर ने पीजीआई चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से हिमाचल प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने किशन कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
किशन कपूर 1970 में जनसंघ के सदस्य बने और 1980 में भाजपा के गठन के बाद 1982 में धर्मशाला मंडल के अध्यक्ष बने। वे 1990 में पहली बार विधायक बने और 1993 में दूसरी बार विधानसभा पहुंचे। उन्होंने परिवहन एवं कानून मंत्री तथा खाद्य आपूर्ति एवं शहरी विकास मंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा की। 2019 में कांगड़ा लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने किशन कपूर को एक मधुरभाषी, मिलनसार और दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि किशन कपूर के निधन से पार्टी ने एक अनुभवी और समर्पित नेता को खो दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि किशन कपूर ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। किशन कपूर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव धर्मशाला में किया जाएगा।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2025 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs