कुल्लू। जिला कुल्लू में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर बड़ी उम्मीद जगी है। मेडिकल कॉलेज के लिए खोखन के समीप 140 बीघा भूमि का चयन कर लिया गया है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर ने दी।
डॉ. रंजीत ठाकुर देव सदन में लला मेमे फाउंडेशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल जिला कुल्लू बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि कुल्लू अस्पताल में शीघ्र ही कैथ लैब का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद हृदय रोगों से संबंधित सभी प्रमुख उपचार यहीं संभव हो सकेंगे और मरीजों को इलाज के लिए शिमला या चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा।
इसके अतिरिक्त डॉ. ठाकुर ने जानकारी दी कि तेगुबेहड़ अस्पताल में क्रिटिकल केयर सेंटर की स्थापना की जा रही है। इस केंद्र में आपातकालीन सेवाओं सहित सभी आवश्यक उपचार उपलब्ध होंगे। यहां सात विशेषज्ञ चिकित्सकों और नौ तकनीशियनों की तैनाती की जाएगी।
सीएमओ ने लला मेमे फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इस तरह के प्रयासों से जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है।
इस अवसर पर डॉ. पी.डी. लाल, डॉ. चंद्र मोहन परशीरा, मंगल मनेपा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs