सतीश ठाकुर।
शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार सुबह पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास किया। इसके बाद जेपी नड्डा अभिनंदन समारोह के लिए खुली गाड़ी में पीटरहॉफ शिमला पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा से नड्डा का स्वागत किया। अभिनंदन रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने शुरुआत मां तारा देवी, जाखू मंदिर के आराध्य बजरंग बली के आशीर्वाद के साथ की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने का अवसर है।
नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल किया कि आखिर केंद्र ने आपका कौन सा ख्याल नहीं रखा? नड्डा ने आरोप लगाया कि केंद्र से जारी पैसों का दुरुपयोग हुआ और बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के लिए केंद्र सरकार ने 3,789 करोड़ रुपये दिए, स्मार्ट सिटी के लिए 1000 करोड़ से अधिक की राशि दी, वाइब्रेंट विलेज योजना, मेडिकल कॉलेज, एम्स बिलासपुर, बल्क ड्रग पार्क, फोरलेन परियोजनाएं और बद्दी को फार्मा हब के रूप में विकसित किया। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही है। नड्डा ने कहा कि केंद्र ने हिमाचल को 2000 करोड़ से अधिक की विशेष सहायता और 1442 करोड़ रुपये का जायका फंड स्वीकृत किया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कई योजनाओं में केवल 50 प्रतिशत राशि ही खर्च की। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार जो धन का उपयोग न कर सके, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल की ट्रेजरी बार-बार बंद हो रही है, पूरी सरकार एडहॉक व्यवस्था पर चल रही है और मुख्यमंत्री व मंत्रियों के बीच तालमेल नहीं है। कांग्रेस सरकार एक भी ठोस परियोजना बनाकर केंद्र के पास नहीं लाई है। नड्डा ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार कोई भी प्रोजेक्ट बनाकर लाए, केंद्र सरकार उसे तुरंत स्वीकृत करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs