Breaking News

झीड़ी में प्रस्तावित फ्लाईओवर का ग्रामीणों ने किया विरोध।

गोल चौक को बताया सुरक्षित व जनहितकारी विकल्प।

कुल्लू। किरतपुर–मंडी–मनाली फोरलेन पर झीड़ी में प्रस्तावित करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के खिलाफ ग्राम पंचायत झीड़ी व आसपास के क्षेत्रों के लोग विरोध में उतर आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फ्लाईओवर के निर्माण से क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय संरचना बुरी तरह प्रभावित होगी। प्रभावितों ने मांग की है कि फ्लाईओवर के स्थान पर गोल चौक (राउंडअबाउट) जैसे व्यावहारिक और सुरक्षित विकल्प पर विचार किया जाए।

ग्रामीणों का आरोप है कि फ्लाईओवर की योजना बनाते समय न तो पंचायत को विश्वास में लिया गया और न ही स्थानीय हितधारकों से कोई परामर्श किया गया। प्रस्तावित फ्लाईओवर के कारण ग्रामीणों को खेतों, जल स्रोतों, बस ठहराव, श्मशान, सरकारी कार्यालयों और अन्य संस्थानों तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ेगा, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि झीड़ी पंचायत के लगभग 500 युवा रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक पर्यटन से जुड़े हैं, जबकि 2000 से अधिक लोग इन गतिविधियों से परोक्ष रूप से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। फ्लाईओवर बनने से यह पूरा रोजगार तंत्र समाप्त हो जाएगा। साथ ही होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और दुकानें भी प्रभावित होंगी, जो पूरी तरह पर्यटन गतिविधियों पर निर्भर हैं।

ग्रामीणों ने फ्लाईओवर से जलभराव की आशंका भी जताई है। नगवाईं में बने फ्लाईओवर का उदाहरण देते हुए बताया गया कि वहां बरसात के दौरान पानी घरों में घुस जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि झीड़ी की कच्ची भूमि पर हजारों टन वजन का फ्लाईओवर क्षेत्र के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।

झीड़ी फ्लाईओवर हटाओ समिति के अध्यक्ष चंद्र शमशेर सिंह चौहान व सचिव धर्मवीर पठानिया ने एनएचएआई द्वारा स्थान को ‘ब्लैक प्वाइंट’ बताए जाने के दावे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पिछले दो वर्षों में यहां कोई बड़ी दुर्घटना दर्ज नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि 5–6 करोड़ रुपये में गोल चैक बनाकर समस्या का समाधान किया जा सकता है, जबकि करीब 60 करोड़ रुपये का फ्लाईओवर अनावश्यक और जनविरोधी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि झीड़ी में फ्लाईओवर निर्माण की योजना को रद्द कर जनहित में वैकल्पिक समाधान अपनाया जाए।

686 0
Published On : 05 February 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs