Mandi Shivratri Festival: हिमाचल प्रदेश के आराध्य देव कमरुनाग सोमवार को जिला प्रशासन एवं शिवरात्रि मेला कमेटी की भेंट स्वीकार करने के बाद अपनी मूल कोठी से मंडी प्रवास के लिए रवाना हो गए हैं। हर वर्ष की भांति इस बार भी देवता मंडी में अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में भाग लेंगे और 25 फरवरी को दोपहर 3 बजे माधोराय मंदिर में हाजिरी भरेंगे। इसके बाद टारना माता मंदिर में 7 दिनों तक विराजित रहेंगे।
इस बार का प्रवास खास इसलिए भी है क्योंकि देव कमरुनाग पहली बार सुकेत रियासत (सुंदरनगर) से होते हुए मंडी रियासत में प्रवेश करेंगे। देवता के कटवाल काहन सिंह ठाकुर ने बताया कि देवता 9 दिन की पैदल यात्रा के दौरान पहले दिन चरखा में विश्राम करेंगे। इसके बाद भदरौण, लोट, रजबाड़ी, बटेहड़ा से सुंदरनगर, नलसर, चंडयाल और गुटकर होते हुए मंडी पहुंचेंगे।
देव कमेटी ने इस वर्ष चानणी में देवता के दर्शन नहीं देने का निर्णय लिया है। गूर देवी सिंह ठाकुर ने बताया कि पहले मेले के समापन पर देवता चानणी में विश्राम करते थे, लेकिन इस दौरान लोग चमड़े के जूते और बेल्ट पहनकर देवता के पास पहुंच जाते थे, जिसे देव समाज के लिए अशुभ माना जाता है। इस परंपरा के उल्लंघन के कारण देवता के देवलुओं ने इस बार चानणी में न रुकने का फैसला किया है।
देवता के अनुयायी इस निर्णय पर अडिग हैं और इस बार चानणी में रुकने की बजाय सीधा अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2025 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs