चिकित्सकों की कमी पर बंजार में गरमाई राजनीति, विधायक शौरी ने सरकार को घेरा।
बंजार की अनदेखी का आरोप, डॉक्टरों की वापसी को लेकर विधायक शौरी का मोर्चा।
कुल्लू । नागरिक अस्पताल बंजार से चार चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर अन्य स्थानों पर भेजे जाने के विरोध में आज बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी ने अस्पताल परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस धरना प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।
बताया जा रहा है कि बंजार अस्पताल में नियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति पर अन्य संस्थानों में भेजे जाने से क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बीते कल एक और चिकित्सक के प्रतिनियुक्ति आदेश जारी होने के बाद कुल मिलाकर चार चिकित्सक बंजार अस्पताल से बाहर भेज दिए गए हैं, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। क्षेत्र की इस लगातार हो रही अनदेखी को लेकर विधायक सुरेंद्र शौरी ने सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है।
धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक शौरी ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से इन सभी प्रतिनियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि “व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने वाली सरकार आज मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था को भी कमजोर करने पर आमादा है।”
विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार बंजार क्षेत्र की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में इस प्रकार की छेड़छाड़ को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि सरकार ने शीघ्र ही चिकित्सकों की वापसी नहीं की, तो वे जनता के साथ मिलकर और बड़े आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।