गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर लौटा विशाल, स्कूल पहुंचने पर हुआ स्वागत।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाऊ-पनाऊ का छात्र है विशाल।
मंडी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाऊ पनाऊ के छात्र विशाल भारद्वाज ने 26 जनवरी 2026 को आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक के रूप में सहभागिता कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विशाल का चयन और सहभागिता उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा सेवा भावना को दर्शाती है।
परेड में सहभागिता के उपरांत विद्यालय लौटने पर विशाल भारद्वाज का विद्यालय परिसर में छात्रों और शिक्षकों द्वारा तालियों की गड़गड़ाहट के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी निर्मला ठाकुर तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कश्मीर सिंह ने विशाल भारद्वाज को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में राष्ट्रसेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है। साथ ही उन्होंने विशाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि वह आगे भी विद्यालय और समाज का नाम गौरवान्वित करता रहेगा।