सतीश ठाकुर
मंडी। शाने बल्ह देव बालाकामेश्वर कांढलु ने 21 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अपना नया गूर चुन लिया है। बग्गी पंचायत के मरेड गांव निवासी 31 वर्षीय प्रिंस राणा को देवता ने अपना गूर नियुक्त किया है। देवता के इस निर्णय को सभी कारदारों ने सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी स्वीकृति दी है।
शनिवार को देव बालाकामेश्वर कांढलु की मेहमाननवाजी नए गूर प्रिंस राणा के पैतृक गांव मरेड में हुई। वहीं रविवार को देवता अपने नए गूर के घर से वापस अपने भंडार लौटेंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पाधरु गांव के डुमन्नु शर्मा देवता के गूर थे। करीब 21 वर्ष पूर्व उनके देहांत के बाद से देवता का कोई गूर नियुक्त नहीं हुआ था। इस अवधि में देवता के पुजारी देवता के साथ चलते हुए पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी निभाते रहे।
देवता के कटवाल डोले राम ने बताया कि देव बालाकामेश्वर कांढलु की एक ही हार है, जिसमें खिऊरी, दरबाथू, मरेड, घर वासड़ा, गनिऊरा, पाधरु और महयाडा गांव शामिल हैं। देवता को क्षेत्र में शाने बल्ह के नाम से भी जाना जाता है।
नए गूर के चयन पर नाचन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, बग्गी पंचायत के पूर्व प्रधान विकास गुप्ता, मनोज गुप्ता, हितेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोगों व श्रद्धालुओं ने प्रिंस राणा को बधाई देते हुए देव परंपरा के निर्वहन की शुभकामनाएं दी हैं।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs