सतीश ठाकुर
मंडी। देवभूमि मंडी की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को डिजिटल मंच पर नई पहचान देने के लिए जिला प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 के तहत रील मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। करीब 500 वर्ष पुरानी इस ऐतिहासिक नगरी के भव्य देव आगमन, बजंतरियों की गूंज और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को अब युवा 45 से 60 सेकंड की रचनात्मक रील के माध्यम से दुनिया के सामने प्रस्तुत कर सकेंगे।
उपायुक्त मंडी एवं मेला समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने बताया कि प्रतियोगिता की थीम “द पल्स” रखी गई है, जिसका उद्देश्य महोत्सव की जीवंतता और सांस्कृतिक ऊर्जा को रचनात्मक अंदाज में प्रदर्शित करना है।
प्रतियोगिता में 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के भारत में निवास करने वाले सभी इच्छुक शौकिया एवं पेशेवर प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को अधिकतम एक रील वर्टिकल 9:16 फॉर्मेट में तैयार करनी होगी। रील में जलेब, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुन, देव परंपरा और श्रद्धालुओं की अनूठी आस्था के माध्यम से महोत्सव की सांस्कृतिक गरिमा को दर्शाना आवश्यक होगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि रील पूर्णतः मौलिक और हाई रेजोल्यूशन में होनी चाहिए। एआई जनरेटेड सामग्री, साहित्यिक चोरी अथवा पूर्व प्रकाशित वीडियो स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि 23 फरवरी 2026 को दोपहर 3.00 बजे तक mandidtdo@gmail.com
पर ईमेल के माध्यम से भेजनी होगी। साथ ही रील को डीसी मंडी के आधिकारिक फेसबुक एवं इंस्टाग्राम हैंडल के साथ कोलैब पोस्ट करना और #MandiShivratri हैशटैग का प्रयोग करना अनिवार्य रहेगा।
प्रविष्टि के साथ प्रतिभागी को अपना पूरा नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, रील का शीर्षक, स्थान व तिथि तथा पहचान सत्यापन हेतु आधार कार्ड की स्कैन प्रति संलग्न करनी होगी। विलंबित अथवा अपूर्ण प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 15,000 रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 10,000 रुपये निर्धारित किए गए हैं। प्रविष्टियों का मूल्यांकन उपायुक्त मंडी द्वारा नामित निर्णायक मंडल करेगा और निर्णायकों का निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होगा।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs