Breaking News

स्मार्ट मीटर का झटका: चैलचौक में दवाई विक्रेता को 92,746 रुपये का बिजली बिल

पहला ही बिल देख उड़े होश, व्यापारियों में फैली हड़कम्प


सतीश ठाकुर

मंडी। हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट मीटरों को लेकर जहां पहले से ही विरोध के स्वर उठ रहे हैं, वहीं उपमंडल गोहर के चैलचौक क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्मार्ट मीटर लगने के बाद एक दवाई विक्रेता को 92,746 रुपये का बिजली बिल थमा दिया गया, जिसे देख दुकानदार के होश उड़ गए।

चैलचौक स्थित करन मेडिकल स्टोर के संचालक सुनील कुमार पुत्र दलीप चंद, निवासी गांव सटखन डाकघर चैलचौक, पिछले कई वर्षों से मेडिकल स्टोर चला रहे हैं। सुनील कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से पहले उनकी दुकान का मासिक बिजली बिल करीब 400 रुपये के आसपास ही आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर स्थापित होने के बाद पहला ही बिल 92,746 रुपये का आ गया।

उन्होंने बताया कि रात के समय उनके मोबाइल पर बिजली बिल का टेक्स्ट मैसेज आया और अगली सुबह गूगल पे पर भी बिल का नोटिफिकेशन दिखाई दिया। जब उन्होंने बिल की राशि देखी तो उन्हें गहरा सदमा लगा। सुनील कुमार का कहना है कि उनकी दुकान में न तो भारी मशीनरी लगी है और न ही बिजली की खपत असामान्य है, ऐसे में इतना अधिक बिल आना पूरी तरह समझ से परे है।

इस घटना के बाद चैलचौक क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भी चिंता और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि इस तरह के बिल आने लगे तो छोटे दुकानदारों के लिए कारोबार चलाना मुश्किल हो जाएगा।

पीड़ित दुकानदार ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड से मांग की है कि बिल की तत्काल जांच की जाए, मीटर रीडिंग की दोबारा पुष्टि हो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें राहत दी जाए।

हालांकि, होली पर्व की छुट्टी के चलते बुधवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाया। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित दुकानदार को राहत मिलती है या नहीं।

293 0
Published On : 04 March 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs