Breaking News

वोट डालकर लौटीं 90 वर्षीय दादी, कुछ ही देर बाद हुआ निधन; शाम को पोते की हुई जीत

कोट ढलियास पंचायत में भावुक कर देने वाली घटना, दादी की अंतिम इच्छा भी हुई पूरी

भोले राम ठाकुर।

नगवाईं। पंचायत चुनाव के दौरान कोट ढलियास पंचायत में एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। 90 वर्षीय गुड्डी देवी ने प्रधान पद के उम्मीदवार अपने पोते दिनेश कुमार के पक्ष में मतदान किया और मतदान के कुछ समय बाद ही अचानक हृदयाघात (हार्ट अटैक) के कारण उनका निधन हो गया। संयोगवश उसी दिन शाम को चुनाव परिणाम घोषित हुए, जिसमें उनके पोते दिनेश कुमार ने प्रधान पद का चुनाव जीत लिया।

परिजनों के अनुसार, 30 मई को सुबह करीब 11 बजे गुड्डी देवी घर से वाहन और पैदल यात्रा कर रोपा मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद वह घर लौट आईं। कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और हृदयाघात आने से उनका निधन हो गया।

शाम को घोषित चुनाव परिणामों में दिनेश कुमार को 535 मत प्राप्त हुए और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 199 मतों के अंतर से हराकर प्रधान पद पर विजय हासिल की। हालांकि दादी के निधन के कारण परिवार शोक में डूबा रहा और दिनेश कुमार अपनी जीत का कोई जश्न नहीं मना सके।

इसी पंचायत में उप प्रधान पद के चुनाव में श्याम लाल ने जीत दर्ज की। बताया जा रहा है कि श्याम लाल इससे पहले तीन बार चुनाव हार चुके थे। परिजनों के अनुसार, गुड्डी देवी की इच्छा थी कि इस बार श्याम लाल उप प्रधान का चुनाव जीतें। चुनाव परिणामों में उनकी यह इच्छा भी पूरी हो गई।

शोक और जीत के बीच भावनात्मक दिन

कोट ढलियास पंचायत में 30 मई का दिन एक ओर लोकतंत्र के उत्सव और चुनावी जीत की खुशी लेकर आया, तो दूसरी ओर गुड्डी देवी के निधन से पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर भी दौड़ गई। दादी के अंतिम मतदान और उसी दिन पोते की जीत की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

527 0
Published On : 30 May 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs