सतीश ठाकुर
मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र बालीचौकी में आयोजित जिला स्तरीय राजकीय पाठशालाओं की अंडर-19 छात्र इंटर जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया और खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में 18 जोन के 640 छात्र प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। जयराम ठाकुर ने दुर्गम क्षेत्रों की छिपी हुई खेल एवं कला प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में रूटीन तरीके से आगे नहीं बढ़ा जा सकता, बल्कि चुनौतियों का डटकर सामना करने के लिए कठिन परिश्रम करना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम "मन की बात" का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार देश के कोने-कोने से छिपी प्रतिभाओं को खोजकर दुनिया के सामने लाते हैं, जो समाज और युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने थाची क्षेत्र की बेटी परीष्ठी ठाकुर का विशेष रूप से जिक्र किया, जो रूस में आयोजित यूथ लीडरशिप कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, और इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया। इसके साथ ही उन्होंने बालीचौकी स्कूल की एक प्रतिभावान छात्रा जीवना ठाकुर के मधुर गायन की सराहना की और अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे प्रधानमंत्री मोदी के कहने पर उन्होंने केरल की बेटी वेदिका को प्रसिद्ध हिमाचली लोकगीत 'माय नी मेरिये' गाने पर बधाई दी थी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। उन्होंने हार-जीत को खेल की भावना से स्वीकार करने और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बालीचौकी में दिख रहे अधिकांश भवन उनकी सरकार के समय बने थे, लेकिन वर्तमान सरकार बने-बनाए अस्पताल भवन में ताला लगाकर जनता को सुविधाओं से वंचित कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समय जल्द बदलेगा और क्षेत्र के रुके हुए विकास कार्यों को पुनः गति दी जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने खेल आयोजन समिति को अपनी विधायक ऐच्छिक निधि से 51,000 रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष बोदी देवी, प्रधानाचार्य रणवीर ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs