सतीश ठकुर/मंडी।
जोगिंद्रनगर के बीड़ रोड के पास थार वाहन की चपेट में आने से 18 वर्षीय कॉलेज छात्र घायल हो गया। हादसे में छात्र के सिर और पैर में चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार और सीटी स्कैन के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताते हुए घर भेज दिया। जानकारी के अनुसार बीड़ निवासी प्रवीण कुमार जोगिंद्रनगर कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। बुधवार दोपहर वह कॉलेज से बस में सवार होकर घर लौट रहा था। बीड़ रोड के पास दूसरी बस पकड़ने के लिए सड़क पार करते समय एक थार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत छात्र को पपरोला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीटी स्कैन के लिए पालमपुर रेफर किया गया। जांच में गंभीर चोट नहीं मिलने पर चिकित्सकों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। घायल छात्र के पिता कुलविंदर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे के घायल होने से परिवार चिंतित है, हालांकि उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छात्र की हालत को लेकर कई भ्रामक खबरें फैल गईं। परिजनों ने स्पष्ट किया कि प्रवीण की हालत स्थिर है और वह उपचार के बाद घर लौट आया है। बीड़ पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेश ठाकुर ने भी छात्र के परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। उधर, पुलिस थाना बैजनाथ में घायल छात्र और उसके परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs