शिमला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर टापरी के समीप शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए सतलुज नदी के तेज बहाव में समा गई।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह पुराने टापरी के पास चगांव नाले के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन नदी के तेज बहाव में गिर गया, हादसे की भनक तब लगी जब एक राहगीर ने नदी में कार का बोनट और टायर देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना टापरी के प्रभारी लालचंद चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम, जिला आपदा प्रबंधन और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम भावानगर नेहा नेगी और डीएसपी राजकुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। करीब डेढ़ घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद सतलुज नदी के तेज बहाव से तीनों शव बरामद किए गए। मशीनरी की मदद से शवों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भावानगर पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतकों की पहचान चालक एवं वाहन मालिक चंद्र कुमार (41), अमृत सिंह निवासी थैमगारंग, सांगला (किन्नौर) और पंकज कुमार (42) निवासी चच्योट, जिला मंडी के रूप में हुई है।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।