अजय टंडन
नगवाईं। औट क्षेत्र के छलवार में करीब आठ बीघा जमीन पर भांग की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 पटीदार खेतों से 3,11,110 भांग के पौधे बरामद किए। इतनी बड़ी संख्या में पौधे मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। मौके पर ही 3,11,100 पौधों को जड़ सहित नष्ट कर दिया गया, जबकि 10 पौधों को जांच के लिए नमूने के तौर पर सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस टीम सोमवार को क्षेत्र में गश्त के साथ अवैध भांग की खेती की तलाश कर रही थी। इसी दौरान गांव छलवार, ग्राम पंचायत सोगमाड़ के मुहाल चलौट में वन विभाग की भूमि पर भांग की खेती का पता चला। खसरा नंबर 482 में करीब आठ बीघा क्षेत्र में 27 पटीदार खेतों में पौधे उगाए गए थे।
कार्रवाई के समय राजस्व अधिकारी और स्वतंत्र गवाह भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने नियमानुसार 10 पौधों को जड़ समेत निकालकर नमूने के रूप में सुरक्षित और सील किया। बाकी पौधों को मौके पर ही उखाड़कर नष्ट कर दिया गया, ताकि इन्हें दोबारा इस्तेमाल न किया जा सके।
पुलिस थाना औट में इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब पुलिस और राजस्व विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि वन विभाग की जमीन पर इतनी बड़ी मात्रा में भांग की खेती किसने की थी। भूमि की निशानदेही और इससे जुड़े दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs