सतीश ठाकुर
मंडी। दी सीडी सहकारी सभा लिमिटेड (दाड़ी), गोहर के चुनाव दाड़ी स्थित मुख्यालय में सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में सभी 13 जोनों से चुने हुए सदस्यों ने भाग लिया। सुंदरनगर से लाल सिंह और कोटली से वासुदेव को उपाध्यक्ष चुना गया, जबकि सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से गोहर जोन के मुकेश चंदेल को सभा का अध्यक्ष चुना।
दी सीडी सहकारी सभा लिमिटेड (दाड़ी), गोहर के महाप्रबंधक भीम सिंह वर्मा ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में सभी सदस्यों एवं संबंधित लोगों से मिले बेहतर सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश चंदेल और उपाध्यक्षों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद सभी शेयर होल्डरों और सहकारी सभा के कर्मचारियों ने मुकेश चंदेल को हार पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर नाचन के युवा विधायक विनोद कुमार, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी तथा करसोग के पूर्व विधायक हीरा लाल भी मौजूद रहे।
इसके बाद चैलचौक के मुख्य बाजार में आतिशबाजी के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश चंदेल का भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुकेश चंदेल ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत अपनी गृह पंचायत मोवीसेरी से प्रधान बनकर की थी। इसके बाद उन्होंने जिला परिषद उपाध्यक्ष का दायित्व संभाला। वर्तमान में मुकेश चंदेल नाचन भाजपा मंडल के अध्यक्ष पद पर भी कार्यरत हैं। सहकारी सभा के अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से उनका चयन उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता को दर्शाता है।
मुकेश चंदेल ने अध्यक्ष चुने जाने पर निदेशक मंडल, सभी शेयरधारकों, सहकारी सभा के कर्मचारियों तथा क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास के साथ सहकारी सभा के हित में बेहतर कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs