मंडी। जिले के बालीचौकी क्षेत्र से एक दुखद समाचार सामने आया है। तहसील के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला मुहलू-खमराधा में कार्यरत जेबीटी शिक्षक राजेश कुमार का सोमवार को ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से शिक्षा विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार सोमवार सुबह अपनी नियमित ड्यूटी के तहत करीब 10 बजे विद्यालय पहुंचे थे। विद्यालय पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेसुध होकर गिर पड़े। विद्यालय के अन्य अध्यापकों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल नगवाई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना (हार्ट अटैक) माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल कुल्लू भेजा गया है।
मृतक की पहचान राजेश कुमार पुत्र जवाहर लाल, निवासी नंदपुर भटोली, देहरा (जिला कांगड़ा) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मंडी जिले के राजकीय प्राथमिक पाठशाला मुहलू-खमराधा में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
खंड शिक्षा अधिकारी डोले राम ने शिक्षक राजेश कुमार के आकस्मिक निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि वह सोमवार सुबह नियमित समय पर विद्यालय पहुंचे थे, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिक्षक राजेश कुमार के असामयिक निधन से शिक्षा विभाग, विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs