कुलदीप शर्मा/पधर।
मंडी जिले के पधर उपमंडल में निर्माणाधीन बिजनी-नारला फोरलेन परियोजना एक बार फिर सवालों के घेरे में है। डवारडू-पाखरी के समीप बुधवार देर रात अचानक भारी भरकम डंगा भरभराकर गिर गया, जिससे नीचे स्थित ओम प्रकाश की गौशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डंगा गिरने से प्रभावित परिवार के आवासीय मकान पर भी खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण के दौरान कंपनी और NHAI ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की, जिसका खामियाजा अब स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ढलान की उचित सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य किया गया होता तो यह घटना नहीं होती।
रेस्टोरेशन कार्य शुरू, लेकिन गुणवत्ता पर उठे सवाल
घटना के बाद गुरुवार को कंपनी ने डवारडू गांव में रेस्टोरेशन कार्य शुरू कर दिया। मौके से मलबा हटाने और प्रभावित हिस्से को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी किए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता कमजोर रही है, जिसके कारण बार-बार ऐसे हालात पैदा हो रहे हैं। प्रभावित सड़क का कार्य अभी तक पूरा न होने पर भी लोगों ने कड़ा रोष जताया।
कंपनी के अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि ढलान से पूरी मिट्टी हटने के बाद वहां पक्की सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।
फोरलेन संघर्ष समिति के अध्यक्ष चिंत राम ठाकुर, महासचिव महिंदर गुलेरिया तथा ग्रामीण रूप सिंह ठाकुर, ओम प्रकाश, मनोज कुमार और संजय कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत प्रदान की जाए और फोरलेन निर्माण में सुरक्षा एवं गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs