के.के. ठाकुर
कुल्लू। जिला कुल्लू के बंजार हल्के में जिला परिषद वार्डों के संभावित रोस्टर को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। खासकर ज्येष्ठा वार्ड के महिला ओपन के लिए आरक्षित होने की चर्चाओं ने कई दावेदारों की चुनावी रणनीति पर असर डाला है। इस वार्ड से भाजपा के युवा नेता दिवान ठाकुर को मजबूत दावेदार माना जा रहा था, जबकि कांग्रेस के धनश्याम शर्मा भी चुनावी तैयारियों में जुटे हुए थे। इसके अलावा हितेश्वर सिंह, जो दो बार यहां से जिला परिषद सदस्य रहे हैं।
हालांकि, महिला आरक्षण की संभावना के चलते अब दोनों प्रमुख दलों में नई रणनीति बननी शुरू हो गई है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि यदि सीट महिला के लिए आरक्षित होती है, तो मुकाबला नेताओं के बजाय उनके परिवारों के बीच देखने को मिल सकता है। ज्येष्ठा वार्ड पर पहले कुल्लू राजघराने का प्रभाव रहा है और यहां से हितेश्वर सिंह दो बार चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में उनकी पत्नी विभा सिंह के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चा जोरों पर है।
इसके अलावा माला ठाकुर, सीता महंत और कमलेश शर्मा के नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं भाजपा नेता दिवान ठाकुर की पत्नी प्रेमलता ठाकुर भी संभावित उम्मीदवार के रूप में उभर रही हैं। किसान परिवार से जुड़ी प्रेमलता की ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी पकड़ मानी जा रही है।
वहीं, घाऊगी वार्ड के ओपन रहने की चर्चाओं के बीच यहां उम्मीदवारों की लंबी सूची सामने आ रही है। पूर्व मंडलाध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर के अलावा तेजा ठाकुर और झाबे राम ठाकुर भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। यदि ज्येष्ठा वार्ड आरक्षित होता है, तो कांग्रेस नेता धनश्याम शर्मा के धाऊगी से चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई जा रही है।
जरड़-भुट्टी कॉलोनी वार्ड के अनुसूचित जाति पुरुष के लिए आरक्षित होने की अटकलों के चलते केशव राम, चौबे राम और राकेश डोलिया अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।
उधर, वरशैणी वार्ड के ओपन रहने की चर्चाओं के बीच संजीव शर्मा, ठाकुर चंद, सुशील और रेखा गुलेरिया जैसे नाम भी संभावित प्रत्याशियों में गिने जा रहे हैं।
कुल मिलाकर, रोस्टर की आधिकारिक घोषणा से पहले ही बंजार हल्के में सियासी पारा चढ़ चुका है और हर वार्ड में समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। अब सभी की निगाहें रोस्टर की अंतिम सूची पर टिकी हैं, जो चुनावी तस्वीर को पूरी तरह स्पष्ट करेगी।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs