गुलाब महंत/थलौट।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित बंजार-कोटला सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। भुइंका से करीब एक किलोमीटर आगे जरोल और शलेउड़ी के बीच सड़क की हालत लंबे समय से खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति के चलते इस मार्ग पर करीब 16 महीनों से बस सेवा प्रभावित है, जिससे ग्राम पंचायत कोटला और ग्राम पंचायत चकुरठा के लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत कोटला के प्रधान प्रेम सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि दशहरे तक विभाग की ओर से सड़क की स्थिति में सुधार कर बस सेवा बहाल नहीं की गई तो जनता आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने संबंधित विभाग से समस्या का जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों, पूर्व प्रधान कोटला तेजा राम, पूर्व उपप्रधान गोकल ठाकुर, व्यवसायी भोला राम और वर्तमान उपप्रधान यश ठाकुर का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि निजी वाहन चालकों को भी आवाजाही के दौरान परेशानी के साथ जोखिम उठाना पड़ता है। सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों, बुजुर्गों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क का मौके पर निरीक्षण करवाकर आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी रहने के कारण लोगों की दिक्कतें लगातार बढ़ रही हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी सवाल है कि यदि सड़क की स्थिति बस संचालन के अनुकूल नहीं है तो इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से सड़क की मरम्मत के साथ बस सेवा नियमित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs