Breaking News

हिमाचल पहुंची शौर्य विजय यात्रा

नगवाईं में कारगिल योद्धा ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर ने किया स्वागत

नगवाईं। 27वें कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली से कारगिल के लिए निकली 'शौर्य विजय यात्रा' गुरुवार दोपहर नगवाईं पहुंची। यहां कारगिल युद्ध के नायक ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर (सेवानिवृत्त) ने यात्रा में शामिल सैन्य अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।  इस विजय यात्रा को दिल्ली से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा रवाना किया गया है।

इस दौरान ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। शौर्य विजय यात्रा नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। हमें अपने शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए।

शौर्य यात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने भी कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया। 


विशेष बात यह है कि कारगिल युद्ध के दौरान ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय सेना ने दुर्गम परिस्थितियों में दुश्मन को परास्त करते हुए रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण टाइगर हिल और तोलोलिंग की चोटियों पर तिरंगा फहराकर भारत की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित की थी। उनके नेतृत्व और वीरता को भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास में विशेष स्थान प्राप्त है। ब्रिगेडियर एन.पी. सिंह व कर्नल प्रवीण ने कारगिल योद्वा ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को सेना की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।


विजय यात्रा में शामिल ब्रिगेडियर नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नई दिल्ली से शुरू हुई यह 'शौर्य विजय यात्रा' 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पहुंचेगी, जहां कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। यात्रा का उद्देश्य देशभर में वीर सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।

169 0
Published On : 16 July 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs