मंडी। बल्हघाटी में प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह ब्रॉडगेज रेललाइन अब कागजों से निकलकर जमीन पर आकार लेने लगी है। नागचला में अन्नपूर्णा ढाबे के समीप सुकेती खड्ड पर रेल पुल बनाने की तैयारी है। इसी पुल से रेललाइन गुजरेगी और यह बल्हघाटी के लेफ्ट और राइट बैंक को भी आपस में जोड़ने का काम करेगा। नागचला में बनने वाला पुल सुकेती खड्ड के दूसरी ओर सिहन, स्याहल को जोड़ेगा।
सुंदरनगर और बल्ह क्षेत्र में इन दिनों फाइनल सर्वे के दौरान जमीन पर निशान लगाए जा रहे हैं। जिन स्थानों को फाइनल सर्वे में चिह्नित किया जा रहा है, वहां आगामी 15 से 20 दिनों में पिल्लर लगाने का काम शुरू होगा। पिल्लर लगने के बाद यह भी स्पष्ट होने लगेगा कि प्रस्तावित रेललाइन की जद में कौन-कौन से क्षेत्र और संपत्तियां आ रही हैं। यही वजह है कि रेललाइन की चर्चा के बीच बल्हघाटी के लोगों की नजर अब सर्वे के निशानों पर टिक गई है। फाइनल सर्वें कर रही कंपनी के सुपरिवाइजर का कहना है कि जल्दी पिलर लगाने का कार्य शुरू होगा.
बैहना से भ्रौण तक सुरंग, ऊपर आबादी और खेत
प्रस्तावित रेललाइन में बल्हघाटी के बैहना से सदर क्षेत्र के भ्रौण तक टनल बनाने की योजना है। यानी इस हिस्से में रेल ट्रैक का बड़ा भाग जमीन के ऊपर दिखाई देने के बजाय सुरंग के भीतर से गुजरेगा। वहीं नागचला में सुकेती खड्ड पर बनने वाला पुल परियोजना के अहम हिस्सों में शामिल होगा।
ग्रामीणों में उत्सुकता के साथ बेचौनी
चंडयाल, भडयाल और बैहना क्षेत्र में रेललाइन को लेकर लोगों में उत्सुकता है, लेकिन इसके साथ जमीन और मकान प्रभावित होने की चिंता भी बढ़ रही है। ग्रामीणों के बीच इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की है कि अंतिम ट्रैक कहां से गुजरेगा और किसकी जमीन इसकी जद में आएगी। फाइनल सर्वे में लगाए जा रहे निशानों ने इस चर्चा को और तेज कर दिया है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs