ब्रजेश महंत/झीड़ी।
कुल्लू-मण्डी की सीमा पर स्थित झीड़ी में निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के विरुद्ध झीड़ी व आस-पास के प्रभावित लोगों का विरोध जारी है। फ्लाई ओवर से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रुप से प्रभावित होने वाली जनता ने फ्लाई ओवर को न बनाये जाने की मांग की है। प्रभावितों का आरोप है, कि फ्लाई ओवर किन्हीं विशेष लोगो को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से उन पर थोपा गया है। जबकि गोल चौक से यातायात बेहतर तरीके से चलाया जा सकता है। पूरे देश में सैंकड़ों जगह फोरलेन पर गोल चौक से यातायात संचालित हो रहा है, फिर झीड़ी में ऐसा क्यों नहीं हो सकता। जबकि झीड़ी में फ्लाई ओवर को न्यायोचित ठहराते हुए एनएचएआई का तर्क है कि जिस स्थान पर सड़क बंटती है, वो ‘ब्लांइड स्पॉट’ है, जहां दुघर्टनाएं होती है। प्रभावितों का आरोप है कि फ्लाई ओवर, फोरलेन की मूल ड्राइंग/योजना में नहीं था, जबकि यहां से सड़क के बंटने का तथ्य पूर्व से ज्ञात था। ऐसे में कुछ लाखों में बनने वाले गोल चौक के स्थान पर करोड़ो का फ्लाई ओवर बनाना उचित नहीं है।
प्रभावितों ने बताया कि फोरलेन निर्माण में भूमि का अधिग्रहण होने से जनता के चलते काम-धंधे चौपट हो गये। भूमि के कम मुआवजे के चलते प्रभावितों ने जैसे-तैसे बैंकों से कर्जा लेकर फिर से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे अन्य दुकानें व पर्यटन गतिविधियों पर पूंजी लगाकर फिर से रोजगार के साधनों को पटरी पर लाने का प्रयास किया। लेकिन करीब डेढ़ किमी लम्बे फ्लाई ओवर से जनता को मात्र पचास मीटर दूर अपनी जमीन, पंचायत, सामुदायिक वन, पंचायत के सामुदायिक भवन, जलशक्ति विभाग के सामुदायिक भवन, विभिन्न संस्थानों, कार्यालयों, बस ठहराव, जल स्त्रोतो, नदी, वन तथा श्मशान आदि तक जाने के लिए कई किलोमीटरों का चक्कर काटना पड़ेगा। वहीं रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग जैसी साहसी खेलों, होटल, होम स्टे, रेस्टोरेंट, ढाबे, टैक्सी चालन जैसी जीविका से जुड़े हजारों लोगों के व्यवसाय समाप्त हो जायेंगे।
फ्लाई ओवर हटाओ समिति के अध्यक्ष चन्द्र शमशेर सिंह चौहान, सचिव धर्मवीर पठानिया व प्रभावित पक्ष का कहना है कि पूरे गांव की जनता व स्थानीय पंचायत समय- समय पर ग्राम सभा व पंचायत के प्रस्तावों तथा विभिन्न माध्यमों से लम्बे समय से फ्लाई ओवर का विरोध करती रही है। अतः उक्त सभी तथ्यों पर गंभीर विचार की आवश्यकता है। ग्राम पंचायत झीड़ी में फ्लाई ओवर का निर्माण किसी भी प्रकार से उचित नहीं है। जिसके चलते पूरी पंचायत के समस्त निवासियों व अन्य हित धारकों का आग्रह है, कि उक्त फ्लाई ओवर के निर्माण की किसी भी प्रकार की योजना को रद्द करके सामान्य गोल चौक जैसे विकल्पों पर विचार किया जाए जिससे जनता को राहत मिल सके।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs