कुल्लू। बंजार विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाली को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र इस समय सड़क व्यवस्था के बेहद खराब दौर से गुजर रहा है, जहां NH-305 पर प्रतिदिन घंटों लंबे ट्रैफिक जाम आम बात बन चुकी है और मरम्मत व निर्माण कार्य ठप पड़े हैं।
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की दयनीय स्थिति और रुके हुए विकास कार्यों के खिलाफ सरकार को जगाने के लिए 9 अप्रैल को बंजार नगर में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा को बीते आठ महीने से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अधिकांश बस रूट बंद पड़े हैं, जबकि कई सड़कों पर छोटी गाड़ियों का आवागमन भी जोखिम भरा हो गया है। लोगों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तीसरे चरण के तहत चार सड़कों पर निर्माण कार्य जारी है, लेकिन केंद्र से पर्याप्त बजट मिलने के बावजूद कार्यों की गति बेहद धीमी है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अब चौथे चरण में भी सड़क निर्माण और उन्नयन प्रस्तावित है, लेकिन यदि राज्य सरकार का यही रवैया रहा तो ये परियोजनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
विधायक ने कहा कि 9 अप्रैल को भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें आम जनता भी शामिल होगी। इसके माध्यम से सरकार को सड़कों की बदहाली पर कड़ा संदेश दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से इस प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs