ठाकुर दास भारती / नगवाईं।
मंडी-कुल्लू फोरलेन पर नगवाईं अस्पताल के समीप शुक्रवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही औट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे स्थानीय लोगों ने नगवाईं अस्पताल के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना औट थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नेपाल निवासी रत्न बहादुर के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि मंडी-कुल्लू फोरलेन बनने के बाद नगवाईं अस्पताल के आसपास सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और पर्याप्त सुरक्षा उपायों के अभाव में यह क्षेत्र दुर्घटनाओं का संवेदनशील स्थल बनता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र से कुछ दूरी पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हुई थी।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs