सतीश ठाकुर/मंडी
साईगलू नलवाड़ मेले के समापन समारोह में मंडी सदर विधायक अनिल शर्मा ने अपने संबोधन में बिना नाम लिए कुछ समाजसेवियों और राजनीतिक विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। विकास को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग आज बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, लेकिन जनता सब जानती है कि क्षेत्र में किसने कितना काम किया है।
अनिल शर्मा ने पंडित सुखराम का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि 60 सालों में कुछ नहीं हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर इतने वर्षों में कुछ नहीं हुआ तो फिर आज पंडित सुखराम की मूर्ति लगाने की बात क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम की राजनीतिक जड़ें इस क्षेत्र में बेहद गहरी हैं। कई लोग इन जड़ों को उखाड़ने आए, लेकिन जनता ने किसी को कामयाब नहीं होने दिया।
विधायक ने बिना नाम लिए विरोधियों को खुली चुनावी चुनौती देते हुए कहा कि किसने कहा है कि चुनाव मत लड़ो, मैदान में आइए और चुनाव लड़िए। उन्होंने कहा कि वह अपने काम और जनता पर विश्वास करते हैं।
अपने संबोधन में अनिल शर्मा ने विकास कार्यों का ब्यौरा भी रखा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मकानों के लिए करीब 70 करोड़ रुपये की राशि लाने के प्रयास किए गए। कोटली क्षेत्र में 2 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि, मंडी में पुल निर्माण के लिए 5 करोड़ 80 लाख रुपये तथा मंडी कॉलेज में करीब 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि लगातार प्रयासों से होता है।
डिप्टी सीएम के क्षेत्र में ज्यादा विकास होने की बात पर तंज कसते हुए अनिल शर्मा ने कहा, मुझे डिप्टी सीएम बनाओ, फिर देखो काम क्या होता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की तकलीफ नहीं कि कोई उनके काम की आलोचना करता है, लेकिन जनता के सामने सच्चाई जरूर रखी जानी चाहिए।
दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
साईगलू नलवाड़ मेले का समापन पारंपरिक उत्साह के साथ हुआ। विधायक अनिल शर्मा का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। समापन अवसर पर दंगल भी आयोजित हुआ, जिसमें पहलवानों ने दमखम दिखाया। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। मेला समिति को 50 हजार रुपये और 61 महिला मंडलों को 5-5 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। इस दौरान विशेष अतिथि हेमलता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs