कुलदीप शर्मा/पधर (मंडी)।
मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर कोटरोपी के पास हाल ही में तैयार की गई नई सड़क पर मंगलवार शाम अचानक धंसाव शुरू होने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। सड़क के नीचे लगातार जमीन बैठने से भूस्खलन और यातायात बाधित होने का खतरा पैदा हो गया है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी है। जबकि छोटे वाहनों को पुलिस निगरानी में एक-एक कर पार कराया जा रहा है।
मंगलवार शाम जमीन का बड़ा हिस्सा धंसने की सूचना मिलते ही उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) पधर सुरजीत ठाकुर प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन को घटनास्थल की संवेदनशीलता से अवगत कराते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने का आग्रह किया।
प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए पधर-नौहली-जोगिंद्रनगर और पधर-डायना पार्क-झटिंगरी-जोगिंद्रनगर मार्गों से आवाजाही करने की एडवाइजरी जारी की है। वहीं, यात्रियों और वाहन चालकों से अनावश्यक जोखिम न लेने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
एसडीएम सुरजीत ठाकुर ने बताया कि यदि मौसम खराब होता है और धंसान बढ़ता है तो रात के समय छोटे वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद की जा सकती है। प्रशासन लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए है और हालात पर नजर रख रहा है।
2017 में भी बरपा था कहर
वर्ष 2017 में कोटरोपी में हुए भीषण भूस्खलन में एचआरटीसी की दो बसें मलबे में दब गई थीं, जिसमें करीब 49 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद इस स्थान पर नया मार्ग तैयार किया गया था और पिछले एक-दो वर्षों तक स्थिति सामान्य रही। हालांकि, इस बार मानसून के दौरान फिर से जमीन धंसने का सिलसिला शुरू होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs