बैलों के हमलों से लोग दहशत में, वाहनों व संपत्ति को पहुंचा रहे नुकसान
नगवाईं। नगवाईं क्षेत्र में इन दिनों बेसहारा पशुओं के आतंक से स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्र में करीब आधा दर्जन से अधिक बैल खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ये बैल कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके हैं। वहीं, आपस में भिड़ने के दौरान ये पशु सड़क किनारे खड़े वाहनों और अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
स्थानीय निवासी रिशांत ने बताया कि मंगलवार सुबह इन बेसहारा पशुओं ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही इस समस्या से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन बेसहारा पशुओं को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि क्षेत्र में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।