छह दिन बाद ब्यास से वाहन सहित मिला लापता रमेश का शव
रेस्क्यू ऑपरेशन में मिली बड़ी सफलता, बुधवार को वाहन बाहर निकालने की तैयारी
मंडी। छह दिनों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार वाहन सहित ब्यास में लापता चालक रमेश का शव बरामद हो गया है। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान डीसी मंडी लगातार संपर्क में रहे और रमेश एवं वाहन की तलाश के लिए प्रशासन के साथ लगातार फीडबैक करते रहे। मंगलवार को पंडोह क्षेत्र में रमेश और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन का छठा दिन था। 6 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी का पता लगा लिया गया है और रमेश भी गाड़ी के अंदर ही थे। ग्राम पंचायत प्रधान टिहरी हरीश कुमार ने कहा बुधवार को सुबह गाड़ी को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।