सतीश ठाकुर।
मंडी। मंडी जिले के कटौला क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। पराशर झील घूमने जा रहे युवकों की कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें पांच युवक घायल हो गए। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी पांच युवक यूपी नंबर की कार में सवार होकर पराशर झील की ओर जा रहे थे। रास्ते की सही जानकारी न होने के कारण वे भटक गए और पराशर मार्ग की बजाय कटौला क्षेत्र की ओर पहुंच गए। इसी दौरान आरंग सड़क के पास बथेरी में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार एक युवक के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे में घायल युवकों की पहचान 21 वर्षीय आर्यन, 22 वर्षीय प्रियांश, 22 वर्षीय विशाल, 21 वर्षीय सूरज कुमार और 22 वर्षीय प्रतीक के रूप में हुई है। सभी युवक जीजीसी लांडरा के विद्यार्थी हैं और हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं।
उधर, पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs