Breaking News

भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन अलर्ट, आपदा से निपटने की तैयारियां तेज

एसडीएम बालीचौकी बिचित्र सिंह ठाकुर ने अधिकारियों, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, व्यापार मंडल व सामाजिक संगठनों के साथ की समीक्षा बैठक

गुलाब महंत/थलौट।

संभावित भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) बालीचौकी बिचित्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें तहसीलदार औट, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, व्यापार मंडल औट के प्रतिनिधियों तथा अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में बारिश और संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। एसडीएम ने कहा कि यदि भारी बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में जन-धन का नुकसान होता है तो प्रभावित लोगों तक बिना किसी देरी के सहायता पहुंचनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और संगठनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में इस बात पर भी विशेष चर्चा हुई कि यदि भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) या अन्य संपर्क सड़कें बंद हो जाती हैं तो आम लोगों तक आवश्यक सहायता किस प्रकार पहुंचाई जाएगी। खासकर कुल्लू-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने की स्थिति में मार्ग पर फंसे यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम बिचित्र सिंह ठाकुर ने सभी विभागों, कर्मचारियों एवं सामाजिक संगठनों को अलग-अलग समूह बनाकर पहले से तैयार रहने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा अन्य संबंधित विभागों को भी पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

129 0
Published On : 18 July 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs