Breaking News

नगवाईं अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं, डॉक्टरों की कमी बनी बड़ी चुनौती

स्नोर-सराज मेडिकल एसोसिएशन ने जताई चिंता, डेपुटेशन पर डॉक्टर भेजने की उठी मांग

नगवाईं। मंडी-कुल्लू फोरलेन पर स्थित सिविल अस्पताल नगवाईं पिछले एक सप्ताह से केवल एक डॉक्टर के भरोसे चल रहा है। अस्पताल के दो अन्य चिकित्सक मेडिकल लीव पर होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। यह अस्पताल फोरलेन पर होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं व अन्य आपात स्थितियों में सबसे पहले मरीजों को यहीं लाया जाता है।

स्थिति यह है कि अस्पताल के मुख्य गेट पर लगाए गए नोटिस में स्पष्ट लिखा गया है कि शाम 4 बजे से सुबह 9:30 बजे तक आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। रविवार एवं अन्य राजकीय अवकाश के दिनों में भी अस्पताल में कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने की सूचना दी गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है।

स्नोर-सराज मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित कपूर ने बताया कि सिविल अस्पताल नगवाईं क्षेत्र का अत्यधिक व्यस्त अस्पताल है, जहां प्रतिदिन करीब 250 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी के कारण अस्पताल की पूरी व्यवस्था चरमरा गई है और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, बीडीसी अध्यक्ष बालीचौकी संजय कुमार ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि फील्ड में तैनात चिकित्सकों को अस्थायी तौर पर (डेपुटेशन पर) सिविल अस्पताल नगवाईं भेजा जाए। उन्होंने कहा कि कटौला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में फील्ड ड्यूटी पर करीब 8 से 9 डॉक्टर तैनात हैं। इनमें से कुछ चिकित्सकों को डेपुटेशन पर नगवाईं भेजकर अस्पताल में उत्पन्न संकट से राहत दिलाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।

428 0
Published On : 20 July 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs