Breaking News

मन्नत पूरी होने पर फुटाखल गांव पहुंचीं माता चामुंडा भगवती,

हार कार्यक्रम के तहत पधर, सुराहन, घोघरधार और डायन्ना पार्क होते हुए पहुंचा माता का रथ, कई स्थानीय देवी-देवताओं से हुआ देव मिलन

कुलदीप शर्मा/पधर (मंडी)।                                    दरंग क्षेत्र की आराध्य देवी माता चामुंडा भगवती अपने पारंपरिक हार कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को उपमंडल मुख्यालय पधर से होते हुए सुराहन, घोघरधार, डायना पार्क और अन्य पड़ावों से गुजरकर फुटाखल गांव पहुंचीं। माता के आगमन पर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

हार यात्रा के दौरान माता चामुंडा भगवती का विभिन्न स्थानीय देवी-देवताओं के साथ पारंपरिक देव मिलन भी हुआ। इस दौरान देव हुरंगकाली नारायण, देव पशाकोट, देव सुतरधारी ब्रह्मा तथा माता फुटाखल परमेश्वरी नौणी भगवती के साथ धार्मिक परंपराओं के अनुसार देव मिलन संपन्न हुआ।

मन्नत पूरी होने पर स्वीकार किया भक्त का निमंत्रण

जानकारी के अनुसार, माता चामुंडा भगवती पूरण चंद ठाकुर के परिवार की मन्नत पूर्ण होने पर उनके घर आयोजित दावत में शामिल होने फुटाखल गांव पहुंचीं। माता के रथ के साथ दर्जनों कारकून और देवलु भी मौजूद रहे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक मांड्याली धाम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

प्राचीन परंपरा आज भी कायम

माता के ज्येष्ठ गुर दिनेश शास्त्री तथा पुजारी हेम सिंह शर्मा ने बताया कि माता चामुंडा भगवती का रथ प्राचीन समय से अपने भक्तों की मन्नत पूरी होने पर उनके घर पहुंचने की परंपरा निभाता आ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों से भी भक्त माता को अपने घर आमंत्रित करते हैं और बुलावे पर माता का रथ वहां पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि मंगलवार को फुटाखल गांव का दौरा भी इसी प्राचीन परंपरा का हिस्सा था, जो श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दिनभर भक्तों के बीच रहने के बाद शाम को माता का रथ पुनः अपने रथ भंडार मसेरन (दरंग) लौट गया।

69 0
Published On : 07 July 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs