सतीश ठाकुर / मंडी।
जिले की मासड़ ग्राम पंचायत के स्प्रेई गांव से 8 अगस्त से लापता 48 वर्षीय हेतराम का 16 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। हेतराम घास लाने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों के अनुसार हेतराम अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़कर गया था। ऐसे में परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
हेतराम के भाई संजय कुमार और अन्य परिजनों ने बताया कि 8 अगस्त को हेतराम घास लाने के लिए घर से निकला था। काफी समय बीतने के बाद जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता किया गया, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद पंडोह पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई गई।
सोमवार दोपहर 12 बजे संजय कुमार सहित अन्य परिजनों और ग्रामीणों ने एसपी मंडी विनोद कुमार से मुलाकात की। परिजनों ने एसपी से मामले की जल्द तह तक जाने और हेतराम की तलाश को तेज करने की मांग की।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि हेतराम मोबाइल फोन घर पर छोड़कर गया था, इसलिए पुलिस उसके पिछले एक महीने की कॉल डिटेल भी खंगालेगी, ताकि उसके संपर्क में रहे लोगों और उसकी गतिविधियों से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सके।
इसके साथ ही एसडीआरएफ को पत्र लिखकर ब्यास नदी में भी सर्च अभियान चलाने के लिए कहा गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य संभावित स्थानों पर भी जांच कर रही है।
परिजनों और ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि पुलिस की जांच और एसडीआरएफ की तलाश से हेतराम के बारे में जल्द कोई सुराग सामने आएगा। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच में तेजी लाने और जल्द से जल्द हेतराम का पता लगाने की गुहार लगाई है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs