सतीश ठाकुर
मंडी। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां महज 2 दिनों के भीतर 2 युवकों की अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इन दोनों मौतों ने पूरे शहर में दहशत और कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही होगा, लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि कहीं इन मौतों के पीछे किसी नशे की ओवरडोज तो कारण नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहला मामला मंगलवार शाम का है। शहर के नजदीक बजूरी क्षेत्र का रहने वाला 25 वर्षीय युवक दिव्यांश पुत्र संजीव कुमार अचानक अचेत अवस्था में मिला। बताया जा रहा है कि दिव्यांश एक स्कूल में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात था। मंगलवार शाम जब वह ड्यूटी से घर लौट रहा था, तभी सलासी के पास लोगों ने उसे बेहोशी की हालत में देखा। स्थानीय लोग तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिव्यांश की अचानक मौत की खबर उसके परिवार पर कहर बनकर टूटी। अपने जवान बेटे की मौत का सदमा उसकी मां बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने भी किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान देने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि परिजनों ने समय रहते उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचा दिया, जहां समय पर इलाज मिलने से अब उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
हमीरपुर शहर अभी दिव्यांश की मौत के सदमे से उबरा भी नहीं था कि बुधवार दोपहर को एक और दर्दनाक घटना सामने आ गई। शहर के भोटा चौक स्थित पब्लिक टॉयलेट परिसर में एक अन्य युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। इस युवक की पहचान शशिकांत पुत्र कमलेश कुमार, निवासी गांव करहा, बिझड़ी (जिला हमीरपुर) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने शशिकांत को भी तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसे भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इन 2 रहस्यमयी मौतों ने पुलिस प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवा लिया है। इसके साथ ही दोनों शवों का बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए रीजनल फोरैंसिक साइंस लैबोरेटरी मंडी भेज दिया गया है। एएसपी ने स्पष्ट किया है कि आरएफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आखिर इन दोनों युवकों की मौत किन कारणों से हुई है। पुलिस हर एंगल से इस मामले की गहन जांच कर रही है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs