झीड़ी फ्लाईओवर को लेकर गरमाया विवाद, जनता ने प्रशासन के समक्ष दर्ज करवाई आपत्तियां
प्रस्तावित फ्लाईओवर के विरोध में भूख हड़ताल शुरू
ब्रजेश महंत/झीड़ी।
मंडी-मनाली फोरलेन पर झीड़ी में प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर स्थानीय प्रभावितों के विरोध के बीच मंगलवार को प्रशासन की ओर से तहसीलदार व नायब तहसीलदार औट मौके पर पहुंचे और स्थानीय जनता की आपत्तियां दर्ज कीं।
कुछ दिन पूर्व प्रभावित लोगों ने फ्लाईओवर का निर्माण कार्य रुकवा दिया था। इसके बाद उपमंडल अधिकारी बालीचौकी की ओर से तहसीलदार व नायब तहसीलदार औट को मौके पर जाकर फ्लाईओवर का काम शुरू करवाने के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर अपना विरोध दर्ज करवाते हुए विभिन्न आपत्तियां सामने रखीं।
डेढ़ किलोमीटर फ्लाईओवर से बढ़ेगी स्थानीय लोगों की परेशानी
ग्रामीणों कर्मवीर सिंह पठानिया, विवेक, मनोज, नीमे राम, दुष्यंत ठाकुर, अनुज शर्मा, कन्हैया आदि ने कहा कि फोरलेन निर्माण के दौरान भूमि अधिग्रहण होने से क्षेत्र के लोगों के काम-धंधे पहले ही बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उनका कहना है कि कम मुआवजा मिलने के बावजूद प्रभावितों ने बैंकों से कर्ज लेकर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, दुकानें और अन्य पर्यटन गतिविधियों में दोबारा पूंजी लगाकर अपने रोजगार को पटरी पर लाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों के अनुसार करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण के बाद स्थानीय लोगों को अपनी जमीन, पंचायत, सामुदायिक भवन, विभिन्न संस्थानों, कार्यालयों, बस ठहराव, जलस्रोत, नदी, वन क्षेत्र और श्मशानघाट जैसे स्थानों तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। उनका कहना है कि कई स्थान फ्लाईओवर से महज कुछ दूरी पर होने के बावजूद सीधी आवाजाही बाधित हो जाएगी।
पर्यटन गतिविधियों पर भी पड़ेगा असर
प्रभावितों ने कहा कि झीड़ी क्षेत्र में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों के साथ होटल, होम स्टे, रेस्टोरेंट, ढाबे और टैक्सी संचालन से बड़ी संख्या में लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। उनका आरोप है कि फ्लाईओवर बनने से इन व्यवसायों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अनेक साधन समाप्त होने का खतरा है।
प्रस्तावित फ्लाईओवर के विरोध में भूख हड़ताल शुरू
मंडी-मनाली फोरलेन पर झीड़ी में प्रस्तावित फ्लाईओवर के विरोध में स्थानीय लोगों का आंदोलन तेज हो गया है। फ्लाईओवर निर्माण के विरोध में स्थानीय निवासी कर्मवीर सिंह पठानिया भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। प्रभावित लोगों का कहना है कि प्रस्तावित फ्लाईओवर से क्षेत्र की आवाजाही और स्थानीय स्तर पर चल रहे रोजगार एवं व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि फ्लाईओवर निर्माण को लेकर स्थानीय जनता की आपत्तियों और समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। प्रभावितों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सभी पक्षों से बातचीत कर ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे विकास कार्य के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों की आवाजाही, रोजगार और स्थानीय हित प्रभावित न हों। वहीं, भूख हड़ताल शुरू होने के बाद झीड़ी में फ्लाईओवर का विरोध और तेज होने की संभावना है।