Breaking News

हिमाचल के कांगड़ा में चालक से लूटपाट

चाकू से हमला कर जंगल में फेंका, आरोपी गिरफ्तार

कांगडा। हिमाचल के कांगडा जिले में टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को चालक के परिजनों की ओर से दर्ज करवाई शिकायत के बाद आरोपी युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने 17 अप्रैल को टैक्सी को गगरेट के लिए किराये पर बुक किया था। उनकी निशानदेही पर रविवार को कांगड़ा-ऊना सीमा पर सिगरा दा भरो के जंगल में चालक को अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल करवाया है। पुलिस थाना मझीण में रविवार सुबह प्रताप सिंह निवासी गांव पड़ेड़, डाकघर टिहरी ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनके बड़े भाई मेहर सिंह पेशे से टैक्सी चालक हैं। 17 अप्रैल को रोजमर्रा के काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 17 अप्रैल को दोपहर करीब 1:30 बजे दो युवकों ने टैक्सी को गगरेट क्षेत्र जाने के लिए किराये पर लिया था। आरोपियों की पहचान अमित कौशल (23) और सुरेश कुमार (19) दोनों निवासी टिहरी, तहसील खुंडियां के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि कलोहा के समीप किसी बात को लेकर आरोपियों और चालक के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने चालक को वैकल्पिक सुनसान मार्ग (सीकरा-परियोंह होते हुए कामाख्या मंदिर मार्ग) से वाहन चलाने के लिए मजबूर किया। 


सुनसान क्षेत्र में पहुंचकर आरोपियों ने चालक पर चाकू से हमला किया और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। आरोपी उसे मृत समझकर जंगल में छोड़कर टैक्सी लेकर भाग गए। वहीं, आरोपी टैक्सी को होशियारपुर में छोड़ आए थे और 18 अप्रैल को संबंधित पुलिस थाना से भी सूचना मिली थी कि टैक्सी वहां पर पाई गई है।


पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस अब विवाद के कारणों की जांच कर रही है।  पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि गाड़ी छोड़ने के पीछे क्या वजह थी और क्या इस षड्यंत्र में कोई और भी शामिल है।


एएसपी ज्वालामुखी आरपी जसवाल का कहना है कि पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। 


नशे के आदी हैं युवक

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी नशे के आदी हैं। वह पहले भी मेहर चंद की टैक्सी हायर कर होशियारपुर की ओर ले जाते रहे हैं। युवकों ने नशे को लेकर घटना को अंजाम दिया है। 


पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच जारी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछकी जा रही है।- मयंक चौधरी, एसपी देहरा 

51 0
Published On : 20 April 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs