Breaking News

बालीचौकी पंचायत समिति गठन को लेकर मंथन तेज, नवनिर्वाचित सदस्यों की पनारसा में बैठक

नगवाईं वार्ड से निर्वाचित बीडीसी सदस्य संजय कुमार भी अध्यक्ष पद की दौड़ में।

अजय टंडन, नगवाईं।

बालीचौकी विकास खंड के नवनिर्वाचित पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक वन विश्राम गृह पनारसा में आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर तथा द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने नवनिर्वाचित सदस्यों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में स्नोर मंडल अध्यक्ष मेहर चंद भारती, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष प्रेम दास सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार बैठक में पंचायत समिति के गठन और आगामी नेतृत्व को लेकर भी अनौपचारिक चर्चाएं हुईं।

जानकारी के अनुसार बालीचौकी खंड में पंचायत समिति के कुल 19 सदस्य हैं, जिनमें 11 सदस्य सराज क्षेत्र तथा 8 सदस्य स्नोर क्षेत्र से निर्वाचित होकर आए हैं। इस बार पंचायत समिति अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है।

सूत्रों की मानें तो नगवाईं वार्ड से निर्वाचित बीडीसी सदस्य संजय कुमार अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में हैं। हालांकि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर अंतिम तस्वीर आने वाले एक-दो दिनों में स्पष्ट होने की संभावना है।

गौरतलब है कि पिछली पंचायत समिति में स्नोर क्षेत्र से प्रेम दास उपाध्यक्ष पद पर रहे थे, जबकि अध्यक्ष पद सराज क्षेत्र के हिस्से में गया था। राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए इस बार उपाध्यक्ष पद स्नोर क्षेत्र को मिलने की चर्चाएं भी चल रही हैं। हालांकि अंतिम निर्णय निर्वाचित सदस्यों की सहमति और चुनावी प्रक्रिया के बाद ही तय होगा।

424 0
Published On : 17 June 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs