राजेश शर्मा, पनारसा
पनारसा क्षेत्र में सड़क पार करना लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों, स्कूली एवं महाविद्यालयी छात्रों को रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पार करना पड़ रहा है। बीते कुछ वर्षों में इस स्थान पर कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है।
लगातार बढ़ते यातायात और दुर्घटनाओं के चलते स्थानीय लोगों में भारी रोष है। कोटाधार पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान चमन लाल ने कहा कि आसपास के कई बाजारों में ओवरहेड फुटब्रिज की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन पनारसा आज भी इस महत्वपूर्ण सुविधा से वंचित है।
उन्होंने बताया कि पनारसा में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय महाविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, निजी शिक्षण संस्थान तथा कई सरकारी कार्यालय स्थित हैं। इसके कारण यहां दिनभर विद्यार्थियों और आम लोगों की आवाजाही बनी रहती है। वहीं पर्यटन सीजन में राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से सड़क पार करना बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और छात्रों के लिए बेहद जोखिम भरा हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई हादसों के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। उपप्रधान चमन लाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ओवरहेड फुटब्रिज के निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में एसडीएम बालीचौकी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। एनएचएआई अधिकारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs