पनारसा (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय पनारसा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवियों एवं विद्यार्थियों ने ब्रह्मकुमारी आश्रम, बालीचौकी के सहयोग से नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की प्रतिज्ञा ली। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इसके बाद महाविद्यालय परिसर से पनारसा चेकपोस्ट तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में एनएसएस स्वयंसेवियों ने नशे के खिलाफ तैयार किए गए विभिन्न पोस्टर और स्लोगन प्रदर्शित किए। विद्यार्थियों ने प्रभावी नारों के माध्यम से स्थानीय जनता को नशे से होने वाले व्यक्तिगत, सामाजिक और पारिवारिक नुकसान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर कृष्ण लाल ने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता रैली के माध्यम से एनएसएस स्वयंसेवियों ने समाज में नशे के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने तथा युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक दिशा देने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs