नगवाईं। मंडी-मनाली फोरलेन पर झीड़ी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के विरोध में शुरू की गई भूख हड़ताल शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रही। फ्लाईओवर के विरोध में 25 अगस्त दोपहर से भूख हड़ताल पर बैठे कर्मवीर पठानिया की लगातार अन्न ग्रहण न करने के कारण तबीयत कमजोर होने लगी है।
उनके साथ मौजूद झीड़ी निवासी अनुज शर्मा ने बताया कि 28 अगस्त को सुबह करीब 3 बजे और फिर सुबह करीब 8 बजे कमजोरी के चलते कर्मवीर पठानिया की तबीयत हल्की खराब हुई। लगातार भूख हड़ताल के चलते उनके स्वास्थ्य को लेकर आंदोलन स्थल पर मौजूद लोगों में भी चिंता बनी हुई है।
शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर ग्रामीण महिलाएं भी भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचीं। महिलाओं ने कर्मवीर पठानिया को राखी बांधकर उनके आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि झीड़ी क्षेत्र के लोगों के रोजगार और भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को लेकर वे आंदोलन के साथ खड़ी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के दौरान भूमि अधिग्रहण होने से क्षेत्र के लोगों के काम-धंधे पहले ही बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उनका कहना है कि कम मुआवजा मिलने के बावजूद प्रभावितों ने बैंकों से कर्ज लेकर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, दुकानें और अन्य पर्यटन गतिविधियों में दोबारा पूंजी लगाकर अपने रोजगार को पटरी पर लाने का प्रयास किया। लेकिन अब डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के बनने से सैलानी सीधे ही मनाली की ओर निकल जाएंगे और यहां का पर्यटन कारोबार खासा प्रभावित होगा। वहीं करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण के बाद स्थानीय लोगों को अपनी जमीन, पंचायत, सामुदायिक भवन, नदी, वन क्षेत्र और श्मशान घाट जैसे स्थानों तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs