के.के. ठाकुर/औट।
मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हनोगी टनल में मंगलवार रात तेंदुआ दिखाई देने से वाहन चालकों में हलचल मच गई। रात करीब 11:30 बजे मंडी से कुल्लू की ओर जा रहे एक कार चालक ने टनल के अंदर जंगली जानवर को देखा। चालक ने सावधानी बरतते हुए उसका वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हनोगी टनल सहित आसपास के क्षेत्र में रेकी की। वीडियो में दिखाई दे रहे जानवर की पहचान की पुष्टि के लिए विभाग ने मौके पर जांच की। इस दौरान टीम को तेंदुए के फुटप्रिंट भी मिले, जिससे क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के संकेत मिले हैं।
डीएफओ मंडी संजीव ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम ने टनल और आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक तेंदुए की मूवमेंट की निगरानी की। जांच के दौरान तेंदुए के फुटप्रिंट मिले हैं। विभाग के अनुसार तेंदुआ सुबह के समय इस क्षेत्र में आया था और इसके बाद जंगल की ओर चला गया।
वन विभाग की टीम ने काफी समय तक क्षेत्र में निगरानी की, लेकिन इसके बाद टनल के आसपास तेंदुए की दोबारा कोई मूवमेंट सामने नहीं आई। डीएफओ ने बताया कि जिस हिस्से में तेंदुआ दिखाई दिया है, वह टनल का गैर-कार्यशील हिस्सा है। इस हिस्से में वाहनों और यात्रियों की आवाजाही नहीं होती।
फिलहाल वन विभाग ने लोगों के लिए किसी तरह के खतरे की बात से इनकार किया है। हालांकि, तेंदुए की मौजूदगी के संकेत मिलने के बाद विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs