नगवाईं। सरस्वती विद्या मंदिर नगवाईं में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों, प्रबंध समिति के सदस्यों और पूर्व छात्रों ने एक स्वर में राष्ट्रगीत का गायन कर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान से सेवानिवृत्त रेलू राम ने ध्वजारोहण कर सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन की अगुवाई की। विद्यालय परिसर राष्ट्रगीत के सामूहिक स्वर से गूंज उठा। इस दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित जनों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मंच पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष लदरमणि ठाकुर और प्रबंधक संजय ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि रेलू राम ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को देशप्रेम, राष्ट्र के प्रति कर्तव्य और एकता का संदेश दिया। प्रधानाचार्या गीता ठाकुर ने ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सत्र 2025-26 की विद्या भारती नारायण प्रतिभा खोज परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां प्रदान की गईं। इनमें ₹3,100 के 10, ₹2,100 के 6, ₹1,100 के 3 और ₹500 की छात्रवृत्ति पाने वाले 32 विद्यार्थी शामिल रहे।
छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसी पहल विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक श्री संजय ठाकुर ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों, विद्यार्थियों, आचार्यों, प्रबंध समिति के सदस्यों और सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs