Breaking News

पिता की मौत के मामले में बेटा गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी

कहासुनी के बाद सिर में चोट लगने से हुई मस्त राम की मौत, पुलिस ने बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू की

कुलदीप शर्मा/पधर (मंडी)। 

पधर क्षेत्र के चेली गांव में गुरुवार रात मामूली कहासुनी के बाद एक बेटे द्वारा अपने पिता पर किए गए हमले में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने आरोपी बेटे दीपक कुमार (21) को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मस्त राम (42) के रूप में हुई है, जो मिस्त्री और कंप्रेशर ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। उसका बेटा दीपक कुमार मिस्त्री का काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना की रात मस्त राम के घर कुछ मेहमान आए थे। खाना खाने के बाद सभी अपने घर चले गए। इसके बाद घर में मस्त राम, उसकी पत्नी शांती देवी, बेटा दीपक और उसकी पत्नी मौजूद थे। मृतक का छोटा बेटा कृष्ण कुमार कुल्लू में निजी काम करता है और घटना के समय घर पर नहीं था।

मस्त राम की माता शीला देवी अपनी पोती रवीना के साथ दूसरे घर कुन्नू में थीं। पुलिस जांच के अनुसार घटना के समय मस्त राम शराब के नशे में था और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौच कर रहा था। पत्नी शांती देवी और बेटे दीपक ने उसे सोने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद शांती देवी रसोई में जाकर सो गई, जबकि दीपक अपनी पत्नी के साथ कमरे में सोने चला गया। मस्त राम घर के आंगन में सोया था।

पुलिस के अनुसार, रात में गाली-गलौच को लेकर पिता और बेटे के बीच फिर कहासुनी हो गई। इसी दौरान गुस्से में दीपक ने आंगन के एक कोने में रखे कृषि औजार से अपने पिता के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। वार के बाद मस्त राम के शरीर से काफी खून बह गया।

 सुबह करीब चार बजे परिजन उसे उपचार के लिए पधर अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों को चोट की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं और उन्होंने इसकी सूचना पधर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में सामने आया कि मस्त राम के सिर के पिछले हिस्से पर हमला किया गया था। इसके बाद मृतक के भाई प्रेम सिंह के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद घायल मस्त राम को अस्पताल पहुंचाने में भी देरी हुई। अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

1771 0
Published On : 25 September 2026

Related News

0 Comments

Any Data Not Found

LEAVE A COMMENT

About Us

Snower Samachar is your trusted source for comprehensive and up-to-date local news from the beautiful state of Himachal Pradesh.

Contact Us

Kullu, HP India

9817184487

snowersamachar@gmail.com

Follow Us

©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs