गुलाब महंत/थलौट।
बरसात का मौसम समाप्त होते ही कुल्लू-मनाली की वादियों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। इस सप्ताह शुक्रवार को अवकाश होने के कारण लगातार तीन दिन की छुट्टियों का लाभ उठाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों ने कुल्लू-मनाली का रुख किया है। पर्यटकों की बढ़ती आमद के चलते घाटी के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिल रही है।
कुल्लू जिला के मनाली, मणिकर्ण और तीर्थन घाटी के जिभी आदि में पर्यटन कारोबार की रफ्तार ने तेज हो गई है। कई होटल और अन्य पर्यटन इकाइयां पर्यटकों से भर गई हैं। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों तक पर्यटन गतिविधियां तेज रहने की उम्मीद है।
कुल्लू के पर्यटन व्यवसायी अनिलकांत शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की छुट्टी के चलते पर्यटकों ने तीन से चार दिन का कुल्लू-मनाली भ्रमण कार्यक्रम बनाया है। इसके चलते बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे हैं और अधिकांश होटल पहले से बुक हो चुके हैं।
जिभी मार्ग पर बढ़ा वाहनों का दबाव
उधर, तीर्थन घाटी के जिभी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से ही हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। जिभी की ओर जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर वाहन रुक-रुककर चलते रहे, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बालीचौकी क्षेत्र के स्थानीय निवासी मोहन सिंह, भीखम सिंह और चेतराम ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान जिभी जाने वाले मार्ग पर वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क पर गलत तरीके से वाहनों की पार्किंग और कुछ वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं किए जाने से जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से पर्यटन सीजन के दौरान प्रमुख पर्यटन मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर करने, गलत पार्किंग पर कार्रवाई करने और जाम वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी यातायात संबंधी परेशानी न झेलनी पड़े।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs