नगवाईं। फरमैंटा कंपनी द्वारा लोक निर्माण विभाग की भूमि को लीज पर लेने के लिए किए गए आवेदन के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ गई है। बुधवार को एसडीएम बालीचौकी विचित्र सिंह की अगुवाई में मौके पर संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, कंपनी अधिकारी तथा ग्रामीण मौजूद रहे। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर भूमि की पैमाइश भी की।
एसडीएम बालीचौकी विचित्र सिंह ने बताया कि कंपनी की ओर से संबंधित भूमि को लीज पर लेने के लिए आवेदन किया गया है। इसी के चलते मौके पर संयुक्त निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय पंचायत प्रधान शीला देवी ने आरोप लगाया कि कंपनी ने जिस भूमि को लीज पर लेने के लिए आवेदन किया है, उस पर पहले से ही कब्जा किया हुआ है तथा मौके पर बड़ी-बड़ी इमारतें भी निर्मित हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थान से पहले पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरता था। पंचायत प्रधान ने यह भी कहा कि कंपनी के साथ ही आईपीएच का पंप हाउस स्थित है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए उचित सड़क मार्ग नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पंप हाउस तक सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की, ताकि विभागीय कार्यों में किसी तरह की परेशानी न हो। टकोली पंचायत के पूर्व उपप्रधान ज्ञान ठाकुर ने भी कंपनी पर पुराने एनएच की भूमि पर वर्षों से कब्जा किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी भूमि पर लंबे समय से कब्जे की स्थिति है तो संबंधित विभागों को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
वहीं, कंपनी अधिकारी हीरा सिंह ठाकुर ने बताया कि कंपनी ने संबंधित भूमि को लीज पर लेने के लिए पहले से ही उपायुक्त कार्यालय में आवेदन कर रखा है। इसी आवेदन के तहत एसडीएम के माध्यम से संयुक्त निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय पंचायत की ओर से श्मशान घाट से संबंधित भूमि और सड़क की पैमाइश के लिए भी आवेदन किया गया था। कंपनी अधिकारी ने दावा किया कि संयुक्त निरीक्षण के दौरान श्मशान घाट को जाने वाली सड़क कंपनी की भूमि में पाई गई है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि श्मशान घाट का करीब आधा शेड भी कंपनी की मलकीयत वाली भूमि में पाया गया है।
अब संयुक्त निरीक्षण के बाद तैयार होने वाली रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हैं। रिपोर्ट के आधार पर भूमि की स्थिति और कंपनी के लीज आवेदन पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs