सतीश ठाकुर/मंडी।
जिला पुलिस ने नशा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क और चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशे की खेप बरामद करने के बाद उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालते हुए सप्लाई नेटवर्क की कई अहम कड़ियों को जोड़ा। वहीं, सरकाघाट के डोडर क्षेत्र में हुई चोरी का मामला भी सुलझाते हुए चोरी का पूरा घरेलू सामान बरामद किया गया है।
17 जुलाई को पकड़ी थी चरस-अफीम की खेप
सदर थाना मंडी में दर्ज मामले के अनुसार 17 जुलाई 2026 को शिला-किप्पड़ फोरलेन पुल के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान राम परिवहन की बस को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान सोनीपत (हरियाणा) निवासी तीन युवकों के कब्जे से 568 ग्राम अफीम और 5.535 किलोग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया था।
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने नशे की सप्लाई के बैकवर्ड लिंकेज खंगाले। जांच के आधार पर आनी, जिला कुल्लू से राहुल ठाकुर और जीत राम उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में जीत राम उर्फ जीतू को इस नशे के नेटवर्क का मुख्य सप्लायर बताया गया है।
इसके बाद पुलिस ने फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए 1 अक्तूबर 2026 को सोनीपत (हरियाणा) निवासी 75 वर्षीय रणबीर सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद उसका पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने नशे की सप्लाई में इस्तेमाल की गई सेलेरियो कार भी जब्त कर ली है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों और नशे की सप्लाई की पूरी कड़ी को खंगाल रही है।
डोडर चोरी कांड भी सुलझाया, सोलन की महिला गिरफ्तार
सरकाघाट थाना पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडर क्षेत्र में हुई चोरी के मामले को भी सुलझा लिया है। पुलिस ने जिला सोलन निवासी नेहा को 2 अक्तूबर 2026 को गिरफ्तार किया।
आरोपी महिला के कब्जे से घरों से चोरी किया गया एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, गैस हॉब, वाटर प्यूरिफायर, बर्तन, कपड़े और कंबल सहित घरेलू सामान बरामद किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है।
जिला पुलिस की इन कार्रवाइयों से जहां नशा तस्करी के नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आई हैं, वहीं चोरी के मामले में भी पुलिस ने चोरी हुआ सामान बरामद कर जांच को आगे बढ़ाया है।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs