के.के. ठाकुर/औट। कुल्लू-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर औट टनल के थलौट छोर पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टनल से बाहर निकलते ही चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन चारों वाहनों को काफी क्षति पहुंची है। हादसे के बाद कुछ समय तक टनल के मुहाने पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुल्लू से मंडी की ओर जा रहे वाहन जैसे ही औट टनल पार कर थलौट की तरफ बाहर निकले, अचानक वाहनों के बीच टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे वाहनों के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही जीप अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही गाड़ी से जा टकराई। इसके बाद आगे की तीन गाड़ियां भी एक-दूसरे से भिड़ गईं। देखते ही देखते चार वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के बाद मंडी-कुल्लू मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाईवे पर बने कुछ तीखे मोड़ भी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। लोगों ने सड़क की बनावट और खतरनाक मोड़ों को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित विभागों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचएआई की ओर से तैयार किए गए हाईवे के कुछ टेढ़े-मेढ़े मोड़ और सड़क की बनावट वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। लोगों ने मांग उठाई है कि मंडी-कुल्लू फोरलेन पर दुर्घटना संभावित स्थानों का विशेषज्ञों से निरीक्षण करवाया जाए तथा आवश्यकतानुसार सड़क सुधार, चेतावनी संकेतक, गति नियंत्रण और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs